रायबरेली
सीएए के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए गोष्ठी का आयोजन
ब्यूरो रायबरेली
पब्लिक पावर
बछरावां रायबरेली -- बछरावां नगर के उत्कर्ष पब्लिक इंटर कॉलेज में नागरिकता संशोधन कानून के बारे में समाज में फैली भ्रांतियों के निवारण के लिए एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें सर्वप्रथम मां सरस्वती की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित किया गया। वही विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना हे वीणावादिनी मां तू जग कल्याणी है तेरे चरणों में झुकता जग का हर प्राणी है से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता शौर्य मंडल शुक्ल ने की व उक्त गोष्ठी के मुख्य अतिथि बछरावां विधायक माननीय राम नरेश रावत की गरिमामय उपस्थिति महत्वपूर्ण रही। गोष्ठी अपने पूर्व निर्धारित समय दोपहर 1:00 से शुरू हुई। गोष्टी में नागरिकता संशोधन कानून के बारे में मुख्य अतिथि माननीय राम नरेश रावत ने बताया की यह कानून लोगों की नागरिकता छीनने के लिए नहीं है बल्कि बांग्लादेश, अफगानिस्तान व पाकिस्तान में रह रहे नागरिकों को भारत की नागरिकता देने का कानून है इसमें कुछ भी छीना नहीं जा रहा है फिर भी दलगत राजनीति के कारण लोग भ्रांतियां फैला रहे हैं। वही बछरावां डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुभाष श्रीवास्तव ने बताया कि नागरिकता संशोधन बिल से पड़ोसी मुल्कों में रह रहे पीड़ित किए जा रहे लोगों को नागरिकता देने का प्रावधान है व कविता के माध्यम से भी नागरिकता संशोधन कानून को व्यक्त किया। बछरावां कस्बे के प्रतिष्ठित व्यवसाई व समाजसेवी शौर्य मंडल शुक्ल ने नागरिकता संशोधन कानून के बारे में बताया कि यह कानून लोगों के लिए हितकारी है इससे नागरिकता दी जाएगी ली नहीं जाएगी। वही
सेंहगो डिग्री कॉलेज के हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ अभय सिंह ने नागरिकता बिल के बारे में बताया कि अफवाहों के माध्यम से लोग केवल समाज को बरगलाने के काम कर रहे हैं और हिंसा भी उन्हें अराजक तत्वों द्वारा कराई जा रही है। वही भाजपा जिला मंत्री डॉ मारुति मिश्र ने बताया पूर्व में नागरिकता पाने के लिए 11 वर्ष भारत में रहना होता था उसी में संशोधन करके अब 6 वर्ष कर दिया गया है और लोगों को अवगत कराया कि हमारे यहां राजस्व में अव्वल दोम सोम में मूल नागरिकों का सारा इतिहास दर्ज है। नागरिकता के लिए यहां के मूल निवासियों को किसी भी प्रकार की अफवाहों के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। इस संगोष्ठी का कुशल संचालन विद्यालय के संस्थापक हिंदी के प्रकांड विद्वान व प्रखर वक्ता भगवान कुमार अवस्थी ने किया। वही कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए बछरावां हल्के के उपनिरीक्षक संजय सिंह भी उपस्थित रहे। उक्त कार्यक्रम में अश्वनी कुमार अवस्थी, अभिनव अवस्थी विद्यासागर अवस्थी, प्रमोद कुमार शुक्ला सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक, विद्यालय के छात्र एवं छात्राएं व विद्यालय परिवार उपस्थित रहे।